सोलन, 4 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।
वाहन पंजीकरण में कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी पहचान का उपयोग कर किए जा रहे संगठित धोखाधड़ी मामले में पुलिस थाना सदर, सोलन को जांच के दौरान एक और बड़ी सफलता मिली है।
सोलन पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक टी साईं दत्तात्रयेवर्मा ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों से गहन पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान साहुन खान की संलिप्तता सामने आई।
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर वाहनों का पंजीकरण कराता था। इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए साहुन खान ने एक फर्जी ई-मेल आईडी तैयार की थी, जिस पर आने वाले ओटीपी (OTP) उसके पास प्राप्त होते थे। वह ये ओटीपी मुख्य आरोपी को उपलब्ध कराता था, जिससे फर्जी वाहन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि साहुन खान वाहनों की खरीद-फरोख्त के कारोबार से जुड़ा हुआ था और इस अवैध गतिविधि में मुख्य आरोपी की सक्रिय रूप से सहायता कर रहा था।
उन्होंने बताया कि एक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना सदर, सोलन की टीम ने साहुन खान (40 वर्ष) निवासी नूंह (हरियाणा), वर्तमान निवासी मारुति कुंज, सोहना रोड, गुरुग्राम (हरियाणा) को 30 जून 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को 1 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ।
रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ की गई। वर्तमान में आरोपी न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका, वित्तीय लेन-देन तथा तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्यों की भी गहन जांच जारी है।









