जल्द मिलेगा सोलन का पहला अधिकृत पैराग्लाइडिंग स्थल।
नालागढ़, 7 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोईडी में मंगलवार को प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग टेक-ऑफ और लैंडिंग स्थल का अंतिम तकनीकी ट्रायल एवं निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा ने निरीक्षण की अध्यक्षता की।

विधायक हरदीप सिंह बाबा ने बताया कि सफल तकनीकी परीक्षण के दौरान प्रस्तावित स्थल पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों पर पूरी तरह खरा उतरा है। विभाग से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद यह सोलन जिले का पहला अधिकृत पैराग्लाइडिंग स्थल बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि तकनीकी समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर पर्यटन विभाग को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजेगी। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विशेषज्ञों की अनुशंसाओं एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप इस स्थल का विकास किया जाएगा। साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए स्थल तक सड़क संपर्क भी मजबूत किया जाएगा।
हरदीप सिंह बाबा ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक पर्यटन के लिए बेहद अनुकूल हैं। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की निकटता के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों के यहां आने की संभावना है।

इससे पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ एवं मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र अहलूवालिया ने बताया कि समिति ने विभिन्न चरणों में स्थल का विस्तृत सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण और आवश्यक मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया है।
सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस स्थल पर साहसिक पर्यटन गतिविधियां शुरू की जाएंगी।

इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के प्रशिक्षक गिमनर सिंह ने प्रस्तावित टेक-ऑफ साइट से सफल एकल पैराग्लाइडिंग ट्रायल उड़ान भरकर सुरक्षित लैंडिंग की।
संस्थान के अधिकारियों ने भी स्थल की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी उपयुक्तता का विस्तृत निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के उपनिदेशक लूद्र सिंह, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सोलन पदमा, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









