शिमला, 8 जुलाई,
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो/वर्मा
शिमला पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात का तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियोग संख्या 40/2026 के तहत 06 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना रोहड़ू में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ग्राम खारला, तहसील टिक्कर निवासी शिकायतकर्ता के घर में अज्ञात व्यक्ति दिन के समय घुस आए।
आरोपियों ने गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 7.5 तोला सोने के आभूषण तथा 51 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 331(3), 305 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य वैज्ञानिक तरीकों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (31 वर्ष), निवासी जिला मंडी, दीपक घई (39 वर्ष), निवासी जिला मंडी तथा मेहर चन्द (30 वर्ष), निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल और मेहर चन्द पहले भी कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।










