नालागढ़ 2 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
रामशहर-नालागढ़ सड़क मार्ग को बुधवार सुबह करीब 9 बजे पूरी तरह यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
यह मार्ग सीएचसी मोड़, रामगढ़ जंगल के समीप देर रात करीब 8 बजे भारी मलबा आने के कारण बंद हो गया था। विभागीय अधिकारियों और मशीनरी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारू कर दिया गया है।

मार्ग बहाल होने के बाद रामशहर-नालागढ़ सड़क पर रोजाना की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। हालांकि, क्षेत्र के कई अन्य संपर्क मार्ग अभी भी प्रभावित हैं।
रामशहर-नंद स्वारघाट सड़क मार्ग जगह-जगह से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं,रामशहर-सुना-डोली-गबर पुल सड़क मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
इसके अलावा साईं-ग्रेड सड़क मार्ग भी कई स्थानों पर अवरुद्ध है। इस मार्ग पर कई पुलियाएं बंद हो गई हैं, जबकि सड़क पर जगह-जगह गहरी खाइयां बन गई हैं।
इससे मार्ग पर आवाजाही जोखिमपूर्ण बनी हुई है।
सड़क मार्गों को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी और मशीनरी मौके पर जुटे हुए हैं। विभाग की ओर से प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।










