सोलन 5 सितम्बर ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी रॉयल सोलन द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 17 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं डिक्लेमेशन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरी रॉयल सोलन की ओर से विद्यालय को बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्किपिंग रोप्स सहित विभिन्न खेल सामग्री भी भेंट की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल बाली ने रोटरी रॉयल सोलन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान, विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन और खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की क्लब की पहल सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में रोटरी रॉयल सोलन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में रोटरी रॉयल सोलन के अध्यक्ष रोटेरियन जितेंद्र भल्ला, सचिव मनोज कोहली, कोषाध्यक्ष शशांक पाहुजा, प्रोजेक्ट चेयर ओमेश मित्तल सहित रोटेरियन अरुण त्रेहन, मनीष तोमर, एन.एल. शर्मा, रमन शर्मा, राजनीश सूद, सुभाष चौहान, यादव गिरी और सुनील गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान, विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन तथा खेलों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास का संदेश दिया गया।








