/रामपुर में 21 ग्राम चिट्टे के साथ मंडी का युवक गिरफ्तार

रामपुर में 21 ग्राम चिट्टे के साथ मंडी का युवक गिरफ्तार

शिमला (रामपुर) 5 सितम्बर ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस के अभियान के तहत रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को करीब 21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 70/2026, दिनांक 4 सितंबर 2026 को धारा 21 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार, डिटेक्शन सेल उपमंडल रामपुर की टीम 4 सितंबर को ज्यूरी क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान कटोलू पुल के समीप पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे अंकित ठाकुर (27) पुत्र पवन ठाकुर, निवासी गांव हयोड़, डाकघर अवाहदेवी, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी की तलाशी ली।


तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की आगामी जांच जारी है।