नालागढ़ (बद्दी) 6 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
क्राइम मीटिंग के साथ पुलिस अधीक्षक बद्दी की अध्यक्षता में मासिक NCORD (नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर) बैठक भी आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई।
बैठक में थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा नियमित विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस के खुफिया तंत्र को मजबूत करने और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में शिकायत पेटियों की नियमित निगरानी तथा प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने अधिकारियों को “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाकर समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देना है।









