नालागढ 15 मई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा ।
व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम, जिसे स्वीप के नाम से जाना जाता है के अंतर्गत आज नालागढ़ क्षेत्र के नोडल अधिकारी डॉक्टर नरेश कुमार एवं उनके टीम के सदस्य रवि नंदन शुक्ला एवं देवेश शर्मा ने राजकीय छात्र वरिष्ठ पाठशाला नालागढ़ एवं राजकीय छात्रा वरिष्ठ पाठशाला नालागढ़ के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर बच्चों से नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग की गतिविधि भी करवाई गई जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने कई उदाहरणों के माध्यम से हर एक मत के महत्व को समझा और उन्होंने शपथ ली कि वे घर जाकर अपने माता-पिता, भाई बहनों, रिश्तेदारों ,गांव एवम् शहर के सभी लोगों को जागरूक करेंगे कि जो आगामी लोकसभा चुनाव 1 जून 2024 को होने जा रहा है इसमें सभी लोग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे और अधिक से अधिक मतदान करेगें ताकि लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की जा सके।

स्वीप टीम ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग के प्रतिबद्धता अनुसार “कोई भी मतदाता मतदान करने से वंचित रहना नहीं चाहिए”। इसलिए अपने मत का सही उपयोग करें और सही प्रतिनिधि को चुने। स्वीप का प्राथमिक लक्ष्य सभी पात्र नागरिकों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करके और चुनाव के दौरान एक सूचित निर्णय लेने के लिए भारत में सहभागी लोकतंत्र का निर्माण करना है। राजकीय छात्र वरिष्ठ विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र भारद्वाज और राजकीय छात्रा वरिष्ठ विद्यालय नालागढ़ के प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा ने भी सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने माता-पिता एवं परिचितों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बच्चों को संकल्प पत्र भी दिया गया जिसमें कहा गया कि हमारा भविष्य देश के मजबूत लोकतंत्र से जुड़ा है। इस मौके पर प्रवक्ता मधु, रोजी सहित दोनों विद्यालयों के करीब 300 विद्यार्थी उपस्थित रहे।










