सोलन 27 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
एसपी के अनुसार,कल रात 8:50 बजे सोलन अस्पताल से पुलिस चौकी शहर सोलन को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को इलाज के लिए लाया गया था, जिसकी मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां सोलन के चौक बाजार स्थित बान मोहल्ला निवासी विक्रम का शव पड़ा था। जांच में विक्रम की पीठ और आंख के पास चोटें पाई गईं, साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों में भी घाव थे।
जांच से पता चला कि विक्रम पिछले तीन-चार वर्षों से सोलन में रहकर रेहडी का काम करता था। हादसे के दिन वह घर पर अकेला था। शाम को वह कपड़े लेने के लिए लेंटर पर गया, जिसे पड़ोस की प्रवीण रानी ने देखा। 8-10 मिनट बाद लेंटर से उतरते समय उसका पांव फिसल गया और वह 10-12 सीढ़ियों से नीचे बरामदे में गिर गया। गिरने की आवाज सुनकर प्रवीण रानी बाहर आई और उसने विक्रम को पानी पिलाया।
इसके बाद उसने रेहडी मजदूर अंकुश को बुलाया। विक्रम ने छाती पकड़कर सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। दोनों उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने विक्रम के कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण सीढ़ियों से गिरने के कारण लगी चोटें प्रतीत हो रही हैं। एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाया जाएगा।







