/कुनिहार से बोलेरो कैम्पर के टायर चोरी के दो आरोपी रामशहर से गिरफ्तार

कुनिहार से बोलेरो कैम्पर के टायर चोरी के दो आरोपी रामशहर से गिरफ्तार

सोलन(नालागढ़) 29 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिले के कुनिहार में बोलेरो कैम्पर के टायर चोरी का मामला पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है।पुलिस ने इस आरोप में रामशहर के दो युवको को गिरफ्तार किया है।

इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार चंदेल ने बताया कि कुनिहार के जघाणा गांव से बोलेरे कैंपर वाहन के टायर व जैक चोरी के दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।

उन्होंने बताया कि कुनिहार के जघाणा गांव निवासी प्रेम चंद ने 26 मई 2025 को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बोलेरो कैम्पर गाड़ी के चार टायर और एक जैक चोरी हो गए। प्रेम चंद की अर्की रोड पर महादेव स्टील के नाम से दुकान है, जहां वे अपनी गाड़ी खड़ी करते हैं। उन्होंने बताया कि 23 मई 2025 को गाड़ी दुकान के पास खड़ी की थी और दुकान बंद कर घर चले गए थे।

26 मई को सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो गाड़ी के टायर और जैक गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50,000 रुपये थी। प्रेम चंद ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इस पर कुनिहार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी, 26 वर्षीय बबलू उर्फ बलवीर,निवासी बहलम, रामशहर को 28 मई 2025 को रामशहर से गिरफ्तार किया।

उसकी निशानदेही पर चोरी गए चारों टायर और जैक बरामद कर लिए गए। साथ ही, वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया। आगे की जांच और बबलू से पूछताछ में पता चला कि इस चोरी में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था। इसके आधार पर कुनिहार पुलिस ने 28 मई की रात को ही 43 वर्षीय धरमवीर उर्फ टेडा,निवासी लुहांस, नालागढ़ को रामशहर से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि धरमवीर के अपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, जबकि बबलू के पूर्व अपराधिक इतिहास की भी पड़ताल जारी है।

कुनिहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, क्योंकि यह क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच अभी जारी है ताकि अन्य संभावित सुरागों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके