/पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में शुरू हुआ भारतीय सामाजिक मनोरोग संघ का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन

पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में शुरू हुआ भारतीय सामाजिक मनोरोग संघ का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन

चंडीगढ़, 12 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा ।

पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) चंडीगढ़ के मनोरोग विभाग में शुक्रवार को भारतीय सामाजिक मनोरोग संघ (Indian Association for Social Psychiatry) का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन (NCIASP-2025) प्रारंभ हुआ।

यह तीन दिवसीय सम्मेलन आज 12 से 14 सितम्बर तक चलेगा, जिसका विषय है – “मानसिक स्वास्थ्य के सामाजिक निर्धारक” रहेगा।

उद्घाटन समारोह पीजीआईएमईआर के एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। इसमें भारतीय मनोरोग सोसायटी की अध्यक्ष प्रो. सविता मल्होत्रा मुख्य अतिथि रहीं, जबकि पीजीआईएमईआर के डीन (अनुसंधान) प्रो. संजय जैन ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की।

सम्मेलन में देश-विदेश से आए 250 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में ओरेशन, व्याख्यान, संगोष्ठियाँ, कार्यशालाएँ, पैनल चर्चा, क्विज़ और शोध पत्र प्रस्तुतियाँ शामिल हैं।

विशेषज्ञ गरीबी, सामाजिक असमानताओं, कलंक, प्रवासन, शहरी तनाव, डिजिटल जीवन और पारिवारिक संरचना जैसे मुद्दों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव पर चर्चा करेंगे।

मनोरोग विभागाध्यक्ष प्रो. डी. बसु ने कहा कि यह सम्मेलन केवल शैक्षणिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और विज्ञान को जोड़कर मानसिक स्वास्थ्य को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने का एक प्रयास है।

सम्मेलन से निकलने वाले सुझाव और शोध न केवल नीति निर्माण में सहायक होंगे, बल्कि समुदाय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।