/एटीएम कार्ड बदलकर 78 हजार की ठगी, सोलन पुलिस ने हरियाणा से दो आरोपी दबोचे

एटीएम कार्ड बदलकर 78 हजार की ठगी, सोलन पुलिस ने हरियाणा से दो आरोपी दबोचे

सोलन, 17 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

सोलन में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के कैथल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के खाते से करीब 78,162 रुपये निकाल लिए थे।

पुलिस के अनुसार जुब्बल निवासी राजेंद्र 7 सितम्बर को सोलन में एक्सिस बैंक एटीएम से पैसे निकाल रहे थे। इस दौरान दो अज्ञात युवक वहां घुस आए और बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग एटीएम से दो दिनों में 9 ट्रांजेक्शनों के जरिए राशि निकाल ली।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एटीएम व अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कैथल (हरियाणा) में दबिश देकर सोनू कुमार (27) और शिवदेव शर्मा उर्फ मुन्ना (30) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वैगनआर गाड़ी भी जब्त की है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ पहले से ही चोरी, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत 13 मामले दर्ज हैं, जबकि शिवदेव शर्मा एक वाहन दुर्घटना मामले में आरोपी है। दोनों को 17 सितम्बर को अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगामी जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है।