चंडीगढ़, 17 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGIMER) चंडीगढ़ में आज हिंदी दिवस का आयोजन संकायाध्यक्ष (शैक्षणिक) प्रो. राधाकांत राठो की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने डॉ. तुलसीदास पुस्तकालय में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और संस्थान के निदेशक प्रो. विवेक लाल का संदेश कर्मचारियों के नाम जारी किया।

अपने संदेश में प्रो. विवेक लाल ने कहा कि हिंदी भारत की सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है और राष्ट्रीय एकता की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थान में कार्य करने वाले कार्मिकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे मरीजों से उनकी सहज भाषा में संवाद करें, जिससे उनका तनाव कम होता है और संस्थान का कामकाज भी सुगम बनता है। उन्होंने हिंदी को नए युग की अपेक्षाओं, चिकित्सा और सूचना क्रांति के साथ जोड़कर प्रयोग करने पर बल दिया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी (राजभाषा) प्रो. संजय भदादा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई और बताया कि हिंदी पखवाड़े के दौरान संस्थान में विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विभागाध्यक्षों और सभी कर्मचारियों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।









