5 अक्तूबर को होगा धरना
रामशहर, 2 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड रामशहर की कार्यकारिणी की बैठक आज खंड अध्यक्ष सुनील कौशल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में शिक्षा सचिव हिमाचल प्रदेश द्वारा 23 सितंबर 2025 को जारी नई कॉम्पलेक्स प्रणाली संबंधी अधिसूचना का कड़ा विरोध करने का निर्णय लिया गया।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पहले भी क्लस्टर सिस्टम पर वार्ता के बाद सहमति बनी थी कि नर्सरी से पांचवीं तक के प्राथमिक विद्यालय और कक्षा 6 से 12वीं तक के परिसर प्रशासनिक नियंत्रण की दृष्टि से अलग-अलग संचालित होंगे तथा क्लस्टर प्रणाली केवल संसाधन साझा करने तक ही सीमित रहेगी। लेकिन हाल ही में जारी अधिसूचना में पूरी प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को प्रिंसिपल के अधीन करने का निर्णय लिया गया है, जिसका संघ कड़ा विरोध करता है।
प्राथमिक शिक्षक संघ ने घोषणा की है कि आगामी 5 अक्तूबर 2025 (अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस) को उपमंडल कार्यालय नालागढ़ के बाहर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से अधिसूचना को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
बैठक में सुनील कौशल, पवन कुमार, राम प्रकाश, महेंद्र पाल, खेम राज, कर्म सिंह, सुनील कुमार, देशराज भारद्वाज, प्रवीण ठाकुर, सुरेश कुमार, रामदयाल, श्याम लाल, मोहन लाल, पुष्पा देवी, जीवन लता और सीमा देवी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।









