सोलन (कंडाघाट), 3 अक्तूबर
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा ।
पुलिस थाना कंडाघाट ने एक गुमशुदगी मामले को सुलझाते हुए हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है।
मामला 28 सितंबर को दर्ज हुआ था जब शिकायतकर्ता श्री शिवा पुत्र श्री प्रेम नारायण, निवासी कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) ने अपने 58 वर्षीय पिता प्रेम नारायण के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस की तलाश के दौरान 30 सितंबर को वाकनाघाट के समीप फर्नीचर शोरूम के पास झाड़ियों में आंशिक रूप से सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान शिकायतकर्ता ने अपने पिता के रूप में की।

जाँच में सामने आया कि मृतक कंपनी में मुनीम का काम करते थे और 22 सितंबर को ट्रक चालक नीरज के साथ सामान लेकर करनाल, पानीपत, अंबाला, सोलन व शिमला के लिए रवाना हुए थे। 25 सितंबर की रात मृतक ने बेटे को फोन पर बताया था कि सोलन में माल उतार दिया गया है और सुबह शिमला में डिलीवरी करेंगे।
अगले दिन चालक नीरज ने मृतक के गुम होने की सूचना दी, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया।
जाँच में CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि ट्रक के पीछे-पीछे एक यूपी नंबर की पिकअप भी चल रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 3 अक्तूबर को इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
नीरज कुमार पुत्र श्री रामाधार, निवासी जनपद औरैया (उ.प्र.), उम्र 38 वर्ष (ट्रक चालक)
लाखन सिंह पुत्र श्री राम नरेश, निवासी जिला फिरोजाबाद (उ.प्र.), उम्र 19 वर्ष (पिकअप चालक)
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोलन से शिमला जाते समय शराब पीने के बाद कंडाघाट के पास ढाबे पर मृतक और ट्रक चालक नीरज के बीच विवाद हुआ।
विवाद में नीरज ने रस्सी से गला घोंटकर प्रेम नारायण की हत्या कर दी और शव को साथी लाखन सिंह के साथ वाकनाघाट क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा कल उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।










