/हिमाचल के औषधि नियंत्रण अधिकारियों ने मनाया “काला दिवस”

हिमाचल के औषधि नियंत्रण अधिकारियों ने मनाया “काला दिवस”


मध्य प्रदेश में तीन अधिकारियों के निलंबन के विरोध में जताया आक्रोश

शिमला (नालागढ़), 8 अक्तूबर।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।


मध्य प्रदेश में तीन औषधि नियंत्रण अधिकारियों के निलंबन के विरोध में देशभर के साथ हिमाचल प्रदेश के औषधि नियंत्रण अधिकारियों ने भी बुधवार को “काला दिवस” मनाया। अधिकारियों ने अपने कार्यालयों में काले बैज लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया।

यह विरोध ऑल इंडिया ड्रग ऑफिसर्स एसोसिएशन (DCOIWA) के आह्वान पर आयोजित किया गया। संघ ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा तीन अधिकारियों —

  1. श्री शोभित कोष्टा, उप औषधि नियंत्रक, भोपाल
  2. श्री शरद जैन, औषधि निरीक्षक, जबलपुर
  3. श्री गौरव शर्मा, औषधि निरीक्षक, छिंदवाड़ा
    — के मनमाने और अनुचित निलंबन को एसोसिएशन ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन बताया है।

संघ ने कहा कि इन अधिकारियों को बिना किसी उचित जांच या प्रक्रिया के निलंबित किया गया, जो न केवल जनस्वास्थ्य की सुरक्षा में जुटे अधिकारियों का मनोबल गिराने वाला कदम है, बल्कि यह नियामक तंत्र की स्वतंत्रता पर भी सीधा प्रहार है।

DCOIWA ने देशभर के औषधि नियंत्रण अधिकारियों से आह्वान किया था कि वे 8 अक्तूबर को अपने कार्यालयों में काले बैज पहनकर शांतिपूर्वक विरोध दर्ज करें, ताकि सरकार तक यह संदेश पहुंचे कि इस तरह की मनमानी और भेदभावपूर्ण कार्रवाइयाँ बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

हिमाचल प्रदेश ड्रग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने भी इस आह्वान का समर्थन किया और कहा कि वे अपने निलंबित साथियों के साथ एकजुटता में खड़े हैं। संघ ने मांग की कि मध्य प्रदेश सरकार तुरंत इन अधिकारियों के निलंबन को रद्द करे और उनके खिलाफ की गई अनुचित कार्रवाई पर पुनर्विचार करे।