सोलन (नालागढ़), 9 अक्तूबर
हिमनयन न्यूज/ ब्यूरो /वर्मा।
सोलन जिले की दून विधानसभा क्षेत्र के बरोटीवाला में आयोजित जीएसटी उत्सव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) केवल एक कर सुधार नहीं था, बल्कि यह भारत की आर्थिक एकता, पारदर्शिता और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था।

भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान टैक्स व्यवस्था भ्रष्टाचार का माध्यम बनी हुई थी, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टैक्स प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाकर जनता के लिए सुविधा का केंद्र बना दिया गया।

जीएसटी इस इच्छा शक्ति का प्रतीक है। वर्ष 2017 में लागू यह ऐतिहासिक सुधार 17 करों और 13 उपकरों को समाप्त कर एक एकीकृत ढांचा लाया, जिससे देश की वित्तीय संरचना को नया स्वरूप मिला।

संजय टंडन ने कहा कि यह केवल कर सुधार नहीं, बल्कि “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार” की दिशा में भारत की साहसिक यात्रा की शुरुआत थी।

उन्होंने कहा कि जी एस टी लागू होने के आठ वर्ष बाद आज यह प्रणाली अभूतपूर्व परिणाम दे रही है।









