जिला में 5992 बालिकाओं को लगाया जाएगा निःशुल्क एचपीवी टीका: उपायुक्त
चम्बा, 19 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में जागरूकता के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएं ताकि अभिभावकों और छात्राओं को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जानकारी मिल सके।

उपायुक्त कहा कि 28 फरवरी को स्कूलों में आयोजित होने वाली पीटीएम बैठकों में एचपीवी वैक्सीनेशन पर चर्चा को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को टीकाकरण के लाभ, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल भाषा में बताई जाए ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो सके।
उन्होंने बताया कि जिला चम्बा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5992 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 27 विभिन्न कोल्ड चैन पॉइंट पर टीकाकरण करना सुनिश्चित बनाया जाएगा जो निःशुल्क लगाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि 8 से 10 हजार की यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है।

उन्होंने सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आशा वर्करों,आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने बताया कि पात्र बालिकाऐं टीकाकरण के लिए विभाग के यूबिन ऑनलाइन पोर्टल uwin.mohfw.gov.in पर प्री-रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. वेवभी ने ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह टीका एकल खुराक सिंगल डोज़ के रूप में बाएं ऊपरी बाजू में लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण के समय बच्ची का खाली पेट न होना आवश्यक है।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र चिनोरिया, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ कर्ण हितैषी, एमऑएच डॉ कविता महाजन व ओएसडी उमाकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










