शिमला 17 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पत्रकारों में रोष देखने को मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिमला पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिस कर्मी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बीते दिन हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान सामने आए वीडियो में दिख रहे पुलिस कर्मी के आचरण की जांच की जा रही है। पुलिस ने इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया कि विभाग मीडिया के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस के अनुसार समाज में पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता तक सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

पुलिस विभाग ने प्रेस की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में विश्वास और जागरूकता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। साथ ही यह भी जरूरी है कि पुलिस कर्मी और मीडिया प्रतिनिधि अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय आपसी सम्मान, धैर्य और पेशेवर व्यवहार बनाए रखें।
शिमला पुलिस ने सभी से अपील की है कि जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जिम्मेदार सूचना प्रसार के उद्देश्य से मिलकर कार्य किया जाए।










