सोलन, 26 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर हुई बहस एक युवक की मौत का कारण बन गई।
शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक ने कथित तौर पर अपने साथी को बालकनी से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दाड़लाघाट के डवारू गांव निवासी अश्वनी अपने दोस्तों दीपक और कुनाल के साथ जालपा माता मंदिर के समीप जंगल में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पंचायत चुनावों पर चर्चा शुरू हुई। बातचीत के दौरान अश्वनी ने कुनाल के एक रिश्तेदार के चुनाव हारने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि बाद में तीनों एक अन्य मित्र के घर पहुंचे, जहां दोबारा शराब पी गई और पुराना विवाद फिर उभर आया।
स्थिति बिगड़ती देख साथियों ने कुनाल को शांत करने के लिए एक कमरे में बंद कर दिया। हालांकि देर रात वह कमरे से बाहर निकला और गुस्से में अश्वनी को धक्का दे दिया।
धक्का लगने से अश्वनी बालकनी से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद अश्वनी को तुरंत अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दाड़लाघाट के डीएसपी नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।






