/विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आईटीआई सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आईटीआई सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सोलन, 30 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार ने की।
डॉ. अमित रंजन तलवार ने विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि तंबाकू कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अनेक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है।

उन्होंने तंबाकू के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों तथा इसके शुरुआती लक्षणों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।