बद्दी, 11 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भटौलीकलां में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना बरोटीवाला में दर्ज शिकायत के अनुसार, रविन्द्र कुमार निवासी भटौलीकलां सुबह अपनी कार से सिक्का होटल की ओर जा रहे थे।
पिडिलाइट कंपनी, भटौलीकलां के मुख्य द्वार के पास उनके आगे चल रहे मोटरसाइकिल सवार को सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में आकर जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल एम-केयर अस्पताल, भटौलीकलां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आर्यन ठाकुर (19 वर्ष), निवासी भटौलीकलां के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की विस्तृत जांच जारी है।









