2.91 लाख से अधिक नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद।
बद्दी, 15 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
फार्मा हब बद्दी में नशीली दवाओं का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इस बार फिर एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के मुताबिक 8 मई 2026 को पुलिस थाना बद्दी में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अब तक कुल 2,91,731 प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की हैं।

पुलिस द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई में सालासर कॉम्प्लेक्स, बद्दी में छापेमारी कर 1,61,920 ट्रामाडोल टैबलेट्स और 61,164 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स बरामद की थीं।
इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामले की गहन जांच और आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नशीली दवाइयों की एक खेप ट्रांसपोर्ट के माध्यम से कांगड़ा के नगरोटा बगवां भेजी थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त कंसाइनमेंट को होल्ड कर 17 मई को रिकॉल कराया, जिससे 3,290 प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए।
इसके अलावा जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा नशीली दवाओं की एक अन्य बड़ी खेप मध्य प्रदेश के जबलपुर भेजी गई थी।
बद्दी पुलिस ने इस कंसाइनमेंट को भी ट्रेस कर होल्ड करवाया और रिकॉल कर उससे 65,357 अतिरिक्त अल्प्राजोलाम टैबलेट्स बरामद कीं।
अब तक की कार्रवाई में पुलिस कुल 1,26,521 अल्प्राजोलाम टैबलेट्स, 1,61,920 ट्रामाडोल टैबलेट्स तथा 3,290 प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद कर चुकी है।
पुलिस मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, नेटवर्क और आर्थिक लाभार्थियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।









