सोलन, 15 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि जिला सोलन के ग्रामीण विकास, सामाजिक प्रगति और सुशासन की दिशा तय करेंगे।
वह सोमवार को सोलन में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को शपथ दिलाने के उपरांत संबोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला सोलन की जनता ने उन पर विश्वास व्यक्त कर जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि हजारों नागरिकों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास का प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की आधारशिला हैं और जनता तथा प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करती हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की सतत प्रक्रिया है। जनप्रतिनिधियों का मूल्यांकन उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों, ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के आधार पर होता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक पंचायत को विकास, सुशासन, स्वच्छता, पारदर्शिता और जनभागीदारी का आदर्श बनाएं तथा प्रदेश के ग्रामीण विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का आधार मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं और सक्षम मानव संसाधन हैं। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने नशाबंदी पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी गीत-संगीत के माध्यम से दी।

कार्यक्रम में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी तथा नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










