/एक युग का अंत: कृष्णा वर्मा के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

एक युग का अंत: कृष्णा वर्मा के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

नालागढ़/खेड़ा, 15 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।

जीवन एक ऐसी लीला है जिसका अंत कब और कैसे हो जाए, इसका किसी को पता नहीं होता। लेकिन समाज में प्रेम, सौहार्द और अपनत्व के साथ जीवन बिताने वाले लोगों के निधन से जो रिक्तता उत्पन्न होती है, वह लंबे समय तक महसूस की जाती है।

खेड़ा वार्ड नंबर-4 की वरिष्ठ नागरिक कृष्णा वर्मा का 90 वर्ष की आयु में गत दिवस निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार के अनुसार कृष्णा वर्मा ने अपने जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव देखे। उनसे पहले उनके दो पुत्रों का भी निधन हो चुका था।

परिजनों का कहना है कि कृष्णा वर्मा के पुत्र स्वर्गीय चमन लाल वर्मा भी अपने सरल स्वभाव, स्पष्टवादिता और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। मां और पुत्र दोनों के निधन से क्षेत्र के लोगों को गहरा आघात पहुंचा है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है।

कृष्णा वर्मा के पुत्र रामा वर्मा, पूर्व वार्ड सदस्य संदीप वर्मा तथा अन्य परिजनों ने बताया कि सरसा नदी के किनारे अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।

इसके उपरांत दिवंगत की अस्थियां हरिद्वार में गंगा नदी में विसर्जन के लिए भेज दी गई हैं।
क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय निवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।