/परवाणू में होगा जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह,

परवाणू में होगा जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह,

दशहरा ग्राउंड में जुटेंगे अधिकारी व नागरिक

सोलन, 18 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 21 जून 2026 को परवाणू के सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में किया जाएगा।

यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘वृद्ध अवस्था के लिए स्वस्थ योग’ निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा आम नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राहुल जैन ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वस्थ शरीर आवश्यक है और योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि जिले में आयुष विभाग की सभी संस्थाओं में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक योग कक्षाएं संचालित की जाती हैं, जिनका लाभ आमजन उठा सकते हैं।

बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा वर्मा ने योग दिवस के अवसर पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, जिला नोडल अधिकारी (योग) डॉ. मंजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

योग दिवस के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा लोगों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।