300 विद्यार्थियों को नशा,साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी
नालागढ़ (रामशहर), 19 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
। पुलिस थाना रामशहर की टीम द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवालसर में विद्यार्थियों के लिए नशा विरोधी, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों और विद्यालय के शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन अभियान (एंटी चिट्टा) के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे की लत से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने और किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी।
जागरूकता अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर भी विशेष व्याख्यान दिया गया। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा अन्य यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नशे, साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।









