बद्दी, 20 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
पुलिस जिला बद्दी ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 21.434 किलोग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) और 123 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पहले मामले में पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एलैम्बिक चौक से दसोरा माजरा रोड स्थित आरएम केमिकल कंपनी के पास खड़े ट्रक (HP-12H-9011) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक की स्टेपनी के भीतर छिपाकर रखे गए 15.168 किलोग्राम चूरा-पोस्त बरामद किया गया।

इस मामले में ट्रक चालक वीरेंद्र कुमार उर्फ बबलू, निवासी गांव सेहल, तहसील अर्की, जिला सोलन को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स ने गुप्त सूचना के आधार पर सिराजमाजरा निवासी कोलिंग के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से 6.266 किलोग्राम चूरा-पोस्त तथा 123 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने वीरेंद्र कुमार को चार दिन तथा कोलिंग को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









