/उद्घोषित अपराधी 13 साल पुराने कार चोरी मामले में गिरफ्तार।

उद्घोषित अपराधी 13 साल पुराने कार चोरी मामले में गिरफ्तार।

शिमला (रामपुर), 22 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल के जिला शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस ने साबेर दास (47) निवासी गांव मघारा, डाकघर दोफदा, तहसील रामपुर, जिला शिमला को वर्ष 2013 में दर्ज कार चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 58/2013 दिनांक 2 अप्रैल 2013 को धारा 381 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने अपने स्वामी/नियोजक की करीब 4.35 लाख रुपये मूल्य की कार चोरी की थी। मामले की जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया था, लेकिन आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ और न्यायिक प्रक्रिया से बचता रहा।

न्यायालय द्वारा जारी विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं के बावजूद उसकी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो सकी, जिसके चलते माननीय एसीजेएम रामपुर ने 9 मई 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और सूचना संग्रह के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया तथा 22 जून 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिसअधीक्षण शिमला ने कहा है कि कानून से बचने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।