ठियोग, 22 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
शिमला जिले के गजैड़ी क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए।
दुर्घटना उस समय हुई जब चंडीगढ़ से छैला की ओर विवाह समारोह का सामान लेकर जा रहा एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से टकरा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुछ लोग भी सवार थे।
टक्कर के बाद कई यात्री सड़क से नीचे झाड़ियों में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, स्थानीय लोग तथा 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 19 घायलों को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना में नीतु (27 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम सालमपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस थाना ठियोग में वाहन चालक की कथित लापरवाही के संबंध में अभियोग संख्या 85/2026 दिनांक 22 जून 2026 को धारा 281, 125(ए), 125(बी) एवं 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।









