विद्यार्थियों और ग्रामीणों को किया जागरूक।
बद्दी 23 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
बद्दी पुलिस द्वारा 23 जून को नशा निवारण अभियान के तहत पुलिस थाना रामशहर और बरोटीवाला क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दीगल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चिट्टा समेत विभिन्न नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, उनके सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी परिणामों की जानकारी दी गई।

साथ ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन, हेलमेट पहनने तथा बिना लाइसेंस वाहन न चलाने के बारे में भी जागरूक किया गया।

वहीं ग्राम पंचायत बरोटीवाला में नशा निवारण समिति की बैठक आयोजित कर पंचायत प्रतिनिधियों, समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने और नशा संबंधी सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।









