धर्मपुर में आवारा सांडों से बढ़ रहा खतरा, प्रशासन से समय रहते कार्रवाई की मांग
धर्मपुर, 17 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ मनमोहन सिंह दानिश।
सोलन जिले के कुमारहट्टी में हाल ही में एक आवारा सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद प्रशासन द्वारा संबंधित सांड को पकड़कर बद्दी की गौशाला भेजने की कार्रवाई की गई। इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। साथ ही यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या ऐसी कार्रवाई केवल किसी बड़े हादसे के बाद ही की जाएगी।
धर्मपुर क्षेत्र में भी पिछले काफी समय से आवारा सांडों का आतंक बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार दो-तीन सांड अक्सर मुख्य बाजार और सड़क पर घूमते रहते हैं। कई बार ये आपस में लड़ते हुए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर देते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। हालांकि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन लोगों का कहना है कि स्थिति कभी भी गंभीर रूप ले सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि धर्मपुर में घूम रहे आवारा सांडों को भी शीघ्र पकड़कर सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए, जिससे भविष्य में कुमारहट्टी जैसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।








