/शिमला से लापता दो नाबालिग राजस्थान के गंगानगर से सकुशल बरामद।

शिमला से लापता दो नाबालिग राजस्थान के गंगानगर से सकुशल बरामद।

शिमला 17 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल की राजधानी शिमला के पुलिस थाना बालूगंज (पश्चिम) में दर्ज गुमशुदगी के मामले में जिला शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को राजस्थान के गंगानगर से सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, अभियोग संख्या 142/2026 दिनांक 12 जुलाई 2026 को धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता श्रीमती उमा देवी ने बताया था कि उनके दो नाबालिग बच्चे घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और पंजाब, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में तलाश अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों की मदद से पुलिस ने दोनों बच्चों का पता लगाते हुए उन्हें गंगानगर (राजस्थान) से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस टीम आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित शिमला वापस ला रही है।

जिला शिमला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।