/खेड़ा में सहज योग की गुरु पूजा आयोजित।

खेड़ा में सहज योग की गुरु पूजा आयोजित।

विश्व शांति व आत्मसाक्षात्कार के लिए हुआ हवन।

नालागढ़, 20 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ स्थित खेड़ा में गत दिवस सहज योग के तत्वावधान में विश्व शांति, आत्मसाक्षात्कार और मानव कल्याण के उद्देश्य से दो दिवसीय गुरु पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नेशनल सहज योग ट्रस्ट के हिमाचल प्रदेश समन्वयक रविंदर मनहास के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सामूहिकता के सहयोग से किया गया।

18 जुलाई को हिमाचल गेस्ट हाउस, खेड़ा में विश्व शांति एवं सहज योग के उत्थान के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ। इसके बाद 19 जुलाई को सीमित साधनों के साथ सामूहिक गुरु पूजा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सहज योग साधकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बताया गया कि श्री माता जी निर्मला देवी द्वारा स्थापित सहज योग के माध्यम से बिना किसी जाति, धर्म, लिंग या वर्ग के भेदभाव के लोगों को निशुल्क आत्मसाक्षात्कार प्रदान किया जाता है।

5 मई 1970 को सामूहिक कुंडलिनी जागरण के बाद श्री माता जी ने सहज योग को पूरी मानवता के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया, जिसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति के आंतरिक आध्यात्मिक विकास और विश्व कल्याण को बढ़ावा देना है।

गुरु पूजा में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब के रूपनगर, होशियारपुर और चंडीगढ़ तथा हरियाणा के पिंजौर और मोरनी हिल्स से भी बड़ी संख्या में सहज योगियों ने भाग लेकर विश्व शांति की कामना की।

इस अवसर पर सोलन के हरीश वर्मा (हन्नी) के हिमाचल सहज योग ट्रस्ट के नव-निर्वाचित ट्रस्टी बनने पर सभी साधकों ने उन्हें बधाई देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में हिमाचल सहज योग ट्रस्ट के नए एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

भीषण गर्मी के बावजूद शिमला, सोलन, रोहड़ू, अर्की, देहा, मंडी, पांवटा साहिब, सुंदरनगर, चिंतपूर्णी, नादौन, हमीरपुर, घुमारवीं और अंब सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सहज योगियों ने गुरु पूजा एवं प्रार्थना में भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन पर नेशनल सहज योग ट्रस्ट के हिमाचल प्रदेश समन्वयक रविंदर मनहास ने सभी उपस्थित सहज योगियों एवं अतिथियों का सम्मान करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।