/चिड़गांव में 16 ग्राम चिट्टा सहित पंजाब का युवक गिरफ्तार।

चिड़गांव में 16 ग्राम चिट्टा सहित पंजाब का युवक गिरफ्तार।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज।

शिमला, 21 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पुलिस थाना चिड़गांव की टीम आंध्रा पावर हाउस, चिड़गांव के समीप गश्त एवं अपराध निवारण ड्यूटी पर तैनात थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 68/2026 के तहत धारा 21 NDPS Act में मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीन्दर सिंह (23 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

शिमला पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।