/रामशहर–गुरुकुंड–कुमारहट्टी–नालागढ़ सड़क पर नालियों की सफाई शुरू।

रामशहर–गुरुकुंड–कुमारहट्टी–नालागढ़ सड़क पर नालियों की सफाई शुरू।

वाहन चालकों ने की सराहना

रामशहर 21जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने रामशहर–गुरुकुंड–कुमारहट्टी–नालागढ़ सड़क मार्ग पर लंबे समय से मिट्टी और गाद से बंद पड़ी नालियों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक विभाग द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से नालियों को खोला जा रहा है, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी सुचारू हो सके।

करीब 19 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग से क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर दोपहिया, चौपहिया, मालवाहक ट्रक, निगम एवं निजी बसों सहित बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बनी नालियां लंबे समय से मिट्टी और गाद से भर गई थीं, जिससे वर्षा का पानी सड़क पर जमा होकर मार्ग को नुकसान पहुंचा रहा था। इस समस्या को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न युवक, महिला, सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कई बार विभाग से नालियों की सफाई की मांग की थी।

अब विभाग द्वारा नालियों की सफाई शुरू होने से सड़क की स्थिति में सुधार आने और बरसात के दौरान सड़क को होने वाले नुकसान में कमी आने की उम्मीद है। इस पहल पर क्षेत्र के वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग की सराहना करते हुए समय-समय पर ऐसे रखरखाव कार्य जारी रखने की मांग की है।