/गयेटी थिएटर शिमला में मीमांसा-4 के लिए चयनित हुई प्रो. रणजोध सिंह की पुस्तक ‘मैली कमीज़’

गयेटी थिएटर शिमला में मीमांसा-4 के लिए चयनित हुई प्रो. रणजोध सिंह की पुस्तक ‘मैली कमीज़’

नालागढ़ 23 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार प्रोफेसर रणजोध सिंह के चर्चित लघुकथा संग्रह ‘मैली कमीज़’ का चयन प्रतिष्ठित साहित्यिक आयोजन ‘मीमांसा-4’ के लिए किया गया है। यह कार्यक्रम भाषा विभाग हिमाचल प्रदेश और कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 19 से 21 अगस्त 2026 तक शिमला के ऐतिहासिक गयेटी थिएटर में आयोजित होगा।


कार्यक्रम के दौरान 21 अगस्त 2026 को प्रो. रणजोध सिंह की पुस्तक ‘मैली कमीज़’ का लोकार्पण और समीक्षा होगी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देश की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती शोभा थरूर श्रीनिवासन होंगी। पुस्तक पर चर्चा और समीक्षा का संचालन डॉ. आशु खोसला (मॉडरेटर) करेंगी, जबकि स्कूली विद्यार्थियों सुजल शर्मा, आशना और शगुन रनोट का पैनल भी अपने विचार प्रस्तुत करेगा।


‘मीमांसा’ साहित्य प्रेमियों, युवा लेखकों और स्कूली-कॉलेज विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जहां चयनित पुस्तकों पर गहन चर्चा और समीक्षा की जाती है। इसे साहित्य का एक बड़े स्तर का आयोजन माना जाता है।


प्रो. रणजोध सिंह अब तक ‘आईना’ (काव्य संग्रह), ‘कैंथ का पेड़’ (कहानी संग्रह) और ‘मैली कमीज़’ (लघुकथा संग्रह) सहित 15 साझा संकलनों का सृजन कर चुके हैं।

उनकी कविताएं, कहानियां, लघुकथाएं, व्यंग्य और संस्मरण देश की अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं। उनकी कई रचनाओं का नाट्य रूपांतरण भी हो चुका है और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं।

प्रो. रणजोध सिंह शिक्षा और साहित्य को जोड़ने के लिए भी विशेष रूप से जाने जाते हैं। वे विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को कहानियों, लघुकथाओं और कविताओं के जरिए नैतिक मूल्यों से परिचित कराते हैं।

नालागढ़ साहित्य कला मंच के अध्यक्ष हरि नाम धीमान, नालागढ़ पेंशनर्स एवं सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश घई तथा क्षेत्र के अन्य साहित्यकारों ने प्रो. रणजोध सिंह की इस उपलब्धि को नालागढ़ और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया है।