/रिया पंचायत में आयुष विभाग का निशुल्क स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित।

रिया पंचायत में आयुष विभाग का निशुल्क स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित।

68 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच


नालागढ़, 23जुलाई
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पल्ली द्वारा पंचायत घर रिया में गत दिवस निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंजी लाल ने किया। इस दौरान 68 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।


डॉ. कुंजी लाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि युवाओं को शराब, सिगरेट और नशीले पदार्थों से दूर रहकर संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आदत विकसित करनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट संबंधी रोग, एसिडिटी, फंगल संक्रमण और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में उबला या शुद्ध पानी पीने, खुले एवं कटे हुए खाद्य पदार्थों से बचने, हरी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करने तथा घर के आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी और मॉस्किटो रेपेलेंट के उपयोग पर भी जोर दिया गया।


शिविर में योग प्रशिक्षक श्रीमती संदीप कुमारी नायर एवं श्री सादिक अली ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सर्वांगासन, धनुरासन, मकरासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम तथा शीर्षासन का अभ्यास भी करवाया।


कार्यक्रम के दौरान लोगों की मधुमेह (शुगर), हीमोग्लोबिन (एचबी) एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।


इस अवसर पर आयुष फार्मा अधिकारी श्रीमती दर्शना देवी, ग्राम प्रधान श्रीमती बलजीत कौर, उपप्रधान श्री भगत सिंह, सचिव श्री भगत सिंह सहित दसोदी खान, मुकेश कुमार, गुरमुख सिंह, दीवान चंद, सलमान, सदेश कौर, देवराज, लखविंदर सिंह, शाम लाल, अजैब सिंह नायर, पवन कुमार एवं क्षेत्र के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।