/अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में एंटी चिट्टा अभियान के तहत होंगे नुक्कड़ नाटक: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में एंटी चिट्टा अभियान के तहत होंगे नुक्कड़ नाटक: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चम्बा, 23 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत विशेष नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा।

यह जानकारी उपायुक्त एवं मिंजर मेला समिति के अध्यक्ष मुकेश रेपस्वाल ने मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उपायुक्त ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां राजकीय महाविद्यालय चम्बा के विद्यार्थियों तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चम्बा के प्रशिक्षु चिकित्सकों द्वारा दी जाएंगी।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को चिट्टा जैसे घातक नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले के दौरान न्यू बस स्टैंड, चम्बा में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की जाएगी, जिस पर नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न जनहित संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन, यातायात एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का सफल आयोजन हो सके।

उन्होंने 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय रहते पूरी करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने बताया कि मिंजर मेला-2026 की अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा तथा कनिष्ठ अभियंता नितिका ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।