/पत्नी की हत्या का आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर, पुलिस करेगी गहन पूछताछ

पत्नी की हत्या का आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर, पुलिस करेगी गहन पूछताछ

बद्दी, 23 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

बरोटीवाला थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति सुरेन्द्र बेदिया को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को सुनीता देवी की हत्या के मामले में उसके पति सुरेन्द्र बेदिया पुत्र मणि बेदिया, निवासी गांव रजरप्पा साड़ी, डाकघर साड़ी, थाना रजरप्पा प्रोजेक्ट, जिला रामगढ़ (झारखंड) के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
गुरुवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी, आवश्यक साक्ष्य जुटाए जाएंगे तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।