बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
बद्दी, 24 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल-एक्स बद्दी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना नालागढ़ क्षेत्र के गांव भटौली में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर 58.212 किलोग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान सहजप्रीत सिंह पुत्र दीदार सिंह, निवासी गांव भटौली, डाकघर कालीवाड़ी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के मकान से भारी मात्रा में चूरा-पोस्त बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चूरा-पोस्त की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस जिला बद्दी ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








