विधायक बाबा हरदीप सिंह का जताया आभार
नालागढ़ (रामशहर) 24 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
राजकीय प्राथमिक पाठशाला नंबर-1, रामशहर के नन्हे विद्यार्थियों को अब फर्श पर बैठकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। क्षेत्र के विधायक बाबा हरदीप सिंह ने विद्यालय के लिए 60 डेस्क उपलब्ध करवाए हैं, जिससे बच्चों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले विद्यालय के छोटे बच्चों को टाट-पट्टियों पर नीचे बैठकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। नई डेस्क मिलने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन में खुशी का माहौल है।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान वीरेंद्र शर्मा, वर्तमान प्रधान रविंद्र मोहन रवि, नवयुग मंडल अध्यक्ष रजत शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जोगिंदर पाल, पूर्व वार्ड सदस्य राकेश शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष आदर्श विद्यालय रामशहर, वार्ड सदस्य बीना शर्मा, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार, नितिन कुमार, अरुण सिंह, निखिल कुमार, सारांश, पूर्ण चंद, पंकज कुमार शर्मा, हरीश, विनय कश्यप, जगदीश तथा अमरजीत सहित अन्य लोगों ने विधायक बाबा हरदीप सिंह का बच्चों के हित में किए गए इस कार्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में डेस्क उपलब्ध होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक अनुकूल वातावरण मिलेगा और उनकी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सुधार आएगा।








