/हिमाचल निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में तीसरे स्थान पर।

हिमाचल निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में तीसरे स्थान पर।

शिमला, 26 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

नीति आयोग द्वारा जारी इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स (आईएफआई)-2026 में हिमाचल प्रदेश ने पर्वतीय एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल करते हुए ‘फ्रंटरनर’ श्रेणी में जगह बनाई है। यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा व्यापार सुगमता बढ़ाने और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान के तहत लगातार सुधार किए हैं, जिसके चलते यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, प्रभावी और निवेशक-अनुकूल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता इस रैंकिंग से स्पष्ट होती है।

सूचकांक के विभिन्न मानकों में हिमाचल का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और संसाधन स्तंभ में प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं नियामकीय सुगमता में चौथा, संस्थागत वातावरण में बेहतर प्रदर्शन तथा व्यावसायिक वातावरण में पांचवां स्थान हासिल किया।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।

प्रधान सचिव (उद्योग) एम. सुधा देवी ने बताया कि निर्माण अनुमति, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र सुधारों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हिमाचल को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में भी स्थान मिला है।

उन्होंने बताया कि राज्य की सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से वर्तमान में 30 विभागों की 180 सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे निवेशकों और उद्यमियों को त्वरित एवं सरल सेवाएं मिल रही हैं।

सरकार ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी निवेशक-अनुकूल नीतियों और सुशासन के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत किया जाएगा।