300 से अधिक वाहनों की जांच, 20 चालान
बीबीएन, 26 जुलाई
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।
पुलिस जिला बद्दी ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशा तस्करी, अवैध खनन, वाहन चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देश पर ‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’ के तहत पूरे क्षेत्र में विशेष सघन नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बद्दी पुलिस ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाके लगाए और 300 से अधिक वाहनों की गहन जांच की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की भी जांच की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 20 चालकों के चालान किए। इसके अलावा एक व्यक्ति को मौके पर गिरफ्तार किया गया, जबकि चार चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश संबंधित प्राधिकरण को भेजी गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि ‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’ का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना, नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि बद्दी पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार औचक नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और अपराध नियंत्रण अभियान लगातार जारी रखेगी, ताकि क्षेत्र में आम जनता को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।









