शिमला, 2 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल के जिला पुलिस शिमला द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना ढली की टीम ने एक उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी रतना दास को परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) से जुड़े एक मामले में माननीय न्यायालय ने 6 दिसंबर 2024 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।

न्यायालय की उद्घोषणा के बावजूद आरोपी लगातार निर्धारित तिथियों पर पेश नहीं हो रहा था।
पुलिस थाना ढली की टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाते हुए उसे 1 अगस्त 2026 को कुफरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 6 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। इसके बाद आरोपी को उप-जेल कैथू में दाखिल कर दिया गया।
इस संबंध में न्यायालय के निर्देशानुसार आरोपी द्वारा न्यायालय की उद्घोषणा की अवहेलना कर निर्धारित तिथियों पर उपस्थित न होने के आरोप में पुलिस थाना ढली में अभियोग संख्या 68/2026, दिनांक 1 अगस्त 2026, के तहत धारा 209 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
जिला पुलिस शिमला ने कहा है कि उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।








