/शीतलपुर में अवैध खैर कटान पर बड़ी कार्रवाई, खैर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली व उपकरण ज़ब्त

शीतलपुर में अवैध खैर कटान पर बड़ी कार्रवाई, खैर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली व उपकरण ज़ब्त

बद्दी, 2 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

बद्दी क्षेत्र में अवैध वन कटान के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

मामले में पुलिस थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, वन खंड अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को पता चला कि 1 अगस्त 2026 को कुछ अज्ञात व्यक्ति शीतलपुर स्थित माता थपल मंदिर के समीप शामलात भूमि में खैर की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सरकंडे की घास में छिपाकर मौके से फरार हो गए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे 32 खैर के मोछे बरामद कर कब्जे में ले लिए गए।

पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता एवं वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।