/भाजपा विधायक दल की बैठक आज शिमला में, विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगा मंथन

भाजपा विधायक दल की बैठक आज शिमला में, विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगा मंथन

शिमला, 3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 4 अगस्त 2026 को शाम 7:00 बजे होटल मरीना, शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

बैठक में प्रदेश के सभी भाजपा विधायक हिस्सा लेंगे और आगामी विधानसभा सत्र सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर रणनीति तय की जाएगी।

रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास और सुशासन की बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार तथा जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इन मुद्दों को विधानसभा के भीतर और बाहर तथ्यों के साथ उठाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुनिंदा कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार प्रदेश में भ्रष्टाचार, सरकारी भर्तियों, ठेकों और प्रशासनिक निर्णयों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जबकि जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याएं, किसानों-बागवानों की कठिनाइयां, बंद किए गए संस्थान, महंगाई तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा सत्र में इन विषयों को प्रमुखता से उठाकर सरकार से जवाब मांगेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी और सरकार की नीतियों तथा कार्यप्रणाली को हर स्तर पर उजागर करेगी।