/पंजाब जा रही अवैध चीड़ की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी

पंजाब जा रही अवैध चीड़ की लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी

पुलिस की वन तस्करों पर बड़ी कार्रवाई।

बद्दी/नालागढ़, 4 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

वन संपदा की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजैहरा–नवांग्राम मार्ग पर अवैध रूप से चीड़ की लकड़ी ले जा रही एक पिकअप को पकड़कर लकड़ी और वाहन को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त की रात्रि पंजाब सीमा के साथ लगती पुलिस चौकी दभोटा की टीम गांव पटेढ़ फल्लु के समीप पंजैहरा–नवांग्राम मार्ग पर नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पंजैहरा की ओर से आ रही पिकअप (एचपी-12क्यू-5802) को जांच के लिए रोका गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन की जा रही चीड़ की लकड़ी के 30 नग बरामद हुए।

वाहन चालक की पहचान नरेश कुमार निवासी गांव खोबला, डाकघर नंड, तहसील नालागढ़ तथा दूसरे व्यक्ति की पहचान नानक चंद निवासी गांव सौरी, डाकघर कुंडलू, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई।

वाहन में एक नाबालिग भी सवार था, जो मौके से चला गया। पूछताछ के दौरान आरोपित लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और बरामद चीड़ की लकड़ी को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा लकड़ी के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।