उपायुक्त मन मोहन शर्मा ने किया लोकार्पण।
सोलन (नालागढ़) 4 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
आईटीसी लिमिटेड के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम ‘मिशन सुनहरा कल’ के तहत नानोवाल-खेड़ा क्षेत्र में शिक्षा और बाल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत खेड़ा चक-1 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण उपायुक्त सोलन मन मोहन शर्मा के कर कमलों द्वारा किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक शिक्षण वातावरण आवश्यक है।

उन्होंने आईटीसी लिमिटेड द्वारा शिक्षा और बाल कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोगात्मक कार्यक्रम समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन, आईटीसी लिमिटेड के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने नव विकसित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली।
आईटीसी के ‘मिशन सुनहरा कल’ के तहत क्षेत्र में विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।








