तेज रफ्तार व लापरवाही से हादसा।
रोहड़ू, 5 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
सोशल मीडिया पर पब्बर नदी में गिरे एक बोलेरो पिकअप वाहन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रोहड़ू की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी।

पुलिस के अनुसार पब्बर नदी में गिरी बोलेरो पिकअप का चालक सचिन चौहान (35 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी रोहड़ू, वाहन में अकेला सवार था। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से चालक को सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई।
पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 79/2026 दिनांक 5 अगस्त 2026 को धारा 281 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








